KANPUR NEWS : संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम गढ़ी में खेत में मिट्टी डालने को लेकर उत्पन्न विवाद का सीमांकन कर निस्तारण किया गया। ग्राम रोगांव में भूमि पर कब्जे से संबंधित शिकायत का राजस्व टीम ने मौके पर निस्तारण कर कब्जा दिलाया।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर (DM Mahendra Singh Tanwar) की अध्यक्षता में शनिवार को बिल्हौर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 217 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 207 प्रकरण संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए सौंपे गए।
ग्राम आंकियन में चकमार्ग खुलवाया गया, जबकि ग्राम महराजपुर में मेड़ को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद का आपसी समझौते के आधार पर समाधान कराया गया। ग्राम अनूपपुर में वारासत दर्ज कराई गई तथा ग्राम अमिलिहा में खतौनी में अमलदरामद से संबंधित शिकायत का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार ग्राम मदारीरायगुमान में अवैध कब्जे की शिकायत पर ग्रामीणों एवं ग्राम प्रधान की उपस्थिति में सीमांकन कर कब्जा दिलाया गया। ग्राम डिडवाजामौली में भूमि से कब्जा हटवाया गया, ग्राम सुभानपुर मुरादनगर में चकमार्ग का सीमांकन कर निशानदेही की गई तथा ग्राम उत्तरी में खतौनी में नाम गलत दर्ज होने से संबंधित शिकायत का निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजी औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक प्रकरण में शिकायत की वास्तविक स्थिति का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, सीमांकन एवं राजस्व संबंधी मामलों में मौके पर जाकर जांच करने तथा आवश्यकतानुसार दोनों पक्षों की सुनवाई के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित सर्वाधिक 130 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग के 38, विकास खंड एवं विद्युत विभाग के 16-16, आपूर्ति विभाग के चार, आंगनबाड़ी एवं समाज कल्याण विभाग के तीन-तीन, चकबंदी एवं अपर जिलाधिकारी (नगर) कार्यालय के दो-दो तथा खंड शिक्षा अधिकारी, वन विभाग एवं खाद्य निरीक्षक से संबंधित एक-एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शेष शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए। जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें मौके की स्थिति का सत्यापन करने के बाद ही आख्या प्रस्तुत की जाए। शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक जे. जैन, डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी, उपजिलाधिकारी बिल्हौर मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

