Lucknow News : शीत लहर के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
DM विशाख जी. ने नगर क्षेत्र के प्रमुख चौराहों और रैन बसेरों का स्थलीय निरीक्षण कर निराश्रित और जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर कंबलों का वितरण कराया और खुले में रह रहे लोगों को रैन बसेरों में भेजने के निर्देश दिए।
हजरतगंज चौराहा, जीपीओ पार्क एवं डीएसओ चौराहा सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जरूरतमंद व्यक्तियों को कंबलों का वितरण किया गया एवं लोगों को रैन बसेरे में भेजा। जिलाधिकारी द्वारा सिविल हॉस्पिटल स्थित रैन बसेरा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केयर टेकर द्वारा बताया गया कि रैन बसेरे में महिला एवं पुरुष के ठहरने की अलग अलग व्यवस्था है। वर्तमान में रैन बसेरे में 15 लोग आवासित है।
रैन बसेरे में अलाव, हीटर आदि की व्यवस्था उपलब्ध पाई गई। जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण करते हुए रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में निर्देशित किया गया कि सभी रैन बसेरों में स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल, बिस्तर एवं पर्याप्त संख्या में कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही शीत लहर के दृष्टिगत नगर क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को दिए गए।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रात्रिकालीन गश्त एवं फील्ड भ्रमण को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति शीत लहर के कारण असुरक्षित न रहे। जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरों में पहुंचाने की समुचित व्यवस्था स्थानीय अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम के जोनल कार्यालय द्वारा सुनिश्चित की जाए।
जनपद में विभिन्न तहसील क्षेत्रों में उप जिलाधिकारियों द्वारा एवं नगरीय क्षेत्र में स्थानीय अपर नगर मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम के जोनल अधिकारियों द्वारा कम्बल वितरण एवं रैन बसेरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में ADM वित्त एवं राजस्व, तहसीलदार सदर, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम, नगर निगम जोनल अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

