Uttar Pradesh Weather News : यूपी में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है।
बरेली-बाराबंकी समेत कई जिलों में मंगलवार सुबह से ठंडी हवाएं चल रही हैं। Kanpur में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे गर्मी से कुछ राहत मिली है। इससे पहले, देर रात झांसी में करीब 30 मिनट तक झमाझम बारिश हुई।
आधे से ज्यादा प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। पारा 47°C के पार पहुंच गया है। बांदा 47.6°C तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा।
इससे पहले यहां 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को पारा सबसे ज्यादा 47.4°C रिकॉर्ड किया गया था।
लखनऊ-गाजियाबाद में धूल भरी आंधी चली। आसमान में धूल का गुबार छा गया।मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि पूर्व दिशा से आ रही ठंडी हवा की वजह से पश्चिमी और पूर्वी यूपी के तापमान में 2-3°C की गिरावट आई है।
लेकिन, बुंदेलखंड में 1°C पारा चढ़ गया है। आज 17 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है। 70 किमी की रफ्तार से हवा चल सकती है। जबकि, 35 जिलों में लू की चेतावनी जारी की है।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम ?
29 अप्रैल: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश होगी। तेज हवा चलेगी। रात के वक्त तापमान में गिरावट आएगी।
30 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी। बिजली गिरने की आशंका है। दिन में 40 किमी की रफ्तार से गर्म हवाएं चलेंगी।
1 मई: पश्चिमी यूपी में हल्की और पूर्वी यूपी में तेज बारिश होगी। बादलों की गड़गड़ाहट के बीच बिजली भी गिर सकती है।
2 मई: प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। तेज हवा चलेगी। तापमान में हल्की गिरावट आएगी।
3 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। आंधी-तूफान की संभावना नहीं है।

