Uttar Pradesh Weather News: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ से यूपी में मौसम बिगड़ गया है। लखनऊ, गोरखपुर समेत 32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। राहत आयुक्त ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लोग सतर्क रहें। नदी के किनारों से दूर रहें। बारिश के बीच जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।
UP के इन 32 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी
यूपी राहत आयुक्त ने 26 सितंबर को 32 जिलों में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी एवं चित्रकूट के कुछ वाटरशेड में आकस्मिक बाढ़ की आशंका है। लोगों से अपील की गई कि सतर्क रहें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। प्रशासन की तरफ से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।
यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट, तेज हवाएं भी चलेंगी
मौसम विभाग ने 25 और 26 सितंबर को यूपी के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
रेड अलर्ट वाले जिलों में प्रयागराज, बांदा, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, झांसी, ललितपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत कई जिले शामिल हैं।
बारिश के दौरान बिजली गिरने और तेज गरज के साथ बारिश होने की भी संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इधर, 54 शहरों में 24 घंटे से रुक-रुक कर जोरदार बारिश हो रही है। अमेठी में पुलिस जगह-जगह अनाउंस कर रही है कि जलभराव वाले इलाकों से दूर रहें। लखनऊ में सुबह से अंधेरा छाया है। ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं से फसलें गिर गई हैं। खेतों में पानी भर गया है। सीएम योगी ने अफसरों को फील्ड में उतरने का निर्देश दिया है।
इधर, ललितपुर में लगातार हो रही बारिश से जामनी नदी उफान पर है। कुझान घाट के पास पुल डूब जाने से पानी के तेज बहाव में एक पेट्रोल टैंकर फंस गया। बहकर नदी के किनारे लटक गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से टैंकर को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठे इस चक्रवाती तूफान की वजह से यूपी, बिहार, एमपी और आसपास के राज्यों में मौसमी गतिविधियां तेज हुई हैं। इसका असर 27 सितंबर तक रहेगा।
75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा 71.6 मिमी बारिश बलरामपुर में हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें मुरादाबाद, रामपुर और बरेली समेत 9 शहरों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, बहराइच और बस्ती में बारिश के चलते कल स्कूल बंद रहेंगे।

