Kanpur News: जनगणना-2027 (census 2027) के प्रथम चरण के तहत 22 मई से जनपद में घर-घर जाकर मकान सूचीकरण एवं भवन गणना का कार्य शुरू हो रहा है।
22 मई से 20 जून तक प्रगणक प्रत्येक मोहल्ले, गांव और वार्ड में पहुंचकर भवनों एवं परिवारों से संबंधित सूचनाएं एकत्र करेंगे। इस दौरान प्रत्येक भवन को एक यूनिक नंबर भी दिया जाएगा। पूरे अभियान के लिए जनपद में 10621 प्रगणक एवं सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
DM JP Singh ने बताया कि स्वगणना का चरण समाप्त हो चुका है और अब प्रगणक निर्धारित प्रारूप के अनुसार घर-घर जाकर जानकारी संकलित कर रहे हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रगणकों का सहयोग करें और जनगणना से संबंधित मांगी गई सूचनाएं सही रूप में उपलब्ध कराएं।
उन्होंने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों की गणना की जा रही है। इसमें भवन की स्थिति, उपयोग, पेयजल, शौचालय, बिजली, रसोई ईंधन, उपलब्ध सुविधाओं सहित कुल 33 प्रकार की सूचनाएं दर्ज की जाएंगी। इसके बाद फरवरी 2027 में दूसरे चरण के अंतर्गत व्यक्तियों की गणना की जाएगी, जिसमें परिवार के सदस्यों से संबंधित सामाजिक, शैक्षिक एवं अन्य जनसांख्यिकीय विवरण संकलित किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने बताया कि सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के पास अधिकृत पहचान पत्र रहेगा। नागरिक पहचान पत्र देखकर ही जानकारी उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं जनगणना अधिनियम, 1948 के अंतर्गत पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं और किसी भी व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, सड़क और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा इन्हीं आंकड़ों के आधार पर तैयार की जाती है।
स्वगणना करने वाले नागरिकों को 11 अंकों का सेल्फ एन्यूमरेशन नंबर (एसई नंबर) जारी किया गया है, जो उन्हें स्वगणना पूर्ण होने के बाद उनके मोबाइल पर प्राप्त हुआ होगा। DM ने बताया कि जिन नागरिकों ने पूर्व में स्वयं स्वगणना की है, वे प्रगणक के घर पहुंचने पर अपना 11 अंकों का एसई नंबर अवश्य उपलब्ध कराएं। इससे पहले से दर्ज विवरण के सत्यापन में सुविधा होगी और जनगणना प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित एवं त्वरित ढंग से पूरी की जा सकेगी।
ADM वित्त एवं राजस्व डॉ विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि नागरिकों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि जनगणना के नाम पर कोई भी व्यक्ति बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी अथवा अन्य वित्तीय जानकारी नहीं मांगता है। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो तुरंत सतर्क हो जाएं और जानकारी साझा न करें।
जनगणना निदेशालय लखनऊ से जनपद कानपुर नगर के लिए नामित जिला प्रभारी एवं नोडल अधिकारी दिनेश कुमार यादव सहायक निदेशक एवं सह जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला द्वारा लगातार सभी 15 चार्जों में भ्रमण कर जनगणना की तैयारी की बारीकी से जांच की जा रही है तथा आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं।

