Kanpur CSJMU News : छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) का 41वां दीक्षांत समारोह (41st Convocation) 9 जुलाई को होगा, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी।
दीक्षांत में बेटियों ने बाजी मारी है। 51 छात्र-छात्राओं को 96 पदक दिए जाएंगे। जिसमें 82.35 फीसदी पदक छात्राओं को और 17.65 फीसदी पदक छात्रों को दिए जाएंगे। कुलाधिपति पदकों में 86.66 फीसदी और कुलपति पदकों में 90.90 फीसदी पदक बेटियों को मिलेंगे। यह जानकारी विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने दी।
विवि का दीक्षांत समारोह वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित होगा। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के चेयरमैन और दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश कुमार सिंह हिस्सा लेंगे।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी रहेंगी। विवि कच्छ चर्म शिल्प के विशिष्ट शिल्पाचार्य उद्यमी अंचल पी बिजलानी को मानद उपाधि से सम्मानित करेगा। कार्यक्रम में पहली बार मां-बेटी सम्मेलन का भी आयोजन किया जा रहा है। जिसको लेकर विवि में पढ़ाई कर रहीं सभी छात्राओं का ब्लड टेस्ट कराया गया। जिसकी रिपोर्ट उनके परिजनों को सौंपी जाएगी।
1,07,713 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी
समारोह में इस साल कुल 1,07,713 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इसमें 57,348 छात्राएं (53.24 फीसदी) और 50,365 छात्र (46.75फीसदी) शामिल हैं। कैम्पस में 3208 को डिग्री मिलेगी, जिसमें 1609 छात्राएं (50.15 फीसदी) और 1599 छात्र (49.84 फीसदी) हैं। विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में 1,04,413 छात्रों को डिग्री मिलेगी, जिसमें 55,689 (53.34 फीसदी) छात्राएं और 48,724 (46.67 फीसदी) छात्र शामिल हैं।
वहीं, 92 को पीएचडी उपाधि दी जाएंगी, जिसमें 42 छात्र और 50 छात्राएं शामिल हैं। 3000 मीटर स्टीपलचेज, आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में रजत एवं खेलो इंडिया गेम्स में कांस्य पदक और क्रास कंट्री 10 किलोमीटर प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले अभिषेक और चंचल को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा, सीडीसी निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी, डॉ. प्रवीन कटियार, डॉ. वृष्टि मित्रा आदि मौजूद रहे।
पदकों पर बेटियों का कब्जा
दीक्षांत में 51 छात्र-छात्राओं को 96 पदक दिए जाएंगे। जिसमें 42 (82.35 फीसदी) छात्राएं और 9 (17.65 फीसदी) छात्र शामिल हैं। कुलाधिपति पदकों में 86.66 फीसदी पदक और कुलपति पदकों में 90.90 फीसदी पदक बेटियों ने प्राप्त किया है। 52 प्रायोजित पदक में 28 (84.85 फीसदी) छात्राओं को और 5 छात्रों को (15.15 फीसदी) पदक मिलेंगे।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव को निःशुल्क टीकाकरण
दीक्षांत समारोह के तहत विवि, जिला स्वास्थ्य समिति के साथ मिलकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों में निःशुल्क टीकाकरण कराएगा। 14 वर्ष आयु की बालिकाओं (जिनका 14वां जन्मदिन पूर्ण हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी पूर्ण नहीं हुआ है) को सिंगल डोज वैक्सीन लगाई जाएगी। वहीं, विवि की ओर से 9 से 14 वर्ष (14वां जन्मदिन अभी पूर्ण नहीं हुआ है) तक की किशोरियों में दो डोज वैक्सीन का प्रथम डोज नि:शुल्क लगाया जाएगा।
हॉस्टल केयर एप करेगा बेटियों की सुरक्षा
छत्रपति शाहू जी महाराज विवि के कैम्पस की हॉस्टल की छात्राओं को सुरक्षित रखने के लिए सीएसजेएमयू हॉस्टल केयर एप को दीक्षांत में लांच किया जाएगा। इस एप के माध्यम से छात्राओं की सेहत की मॉनिटरिंग के साथ उनकी सुरक्षा पर भी फोकस होगा। छात्राएं अगर किसी परेशानी में हो तो एप में मौजूद एक बटन को दबाने के साथ ही उनकी लोकेशन की जानकारी वार्डन, उनके अभिभावकों को हो जाएगी। साथ ही, विवि में सस्टेनिबिलिटी डैश बोर्ड को भी लांच किया जाएगा। इसमें विवि स्तर पर हो रहे कार्यों की रियल टाइम मॉनिटरिंग होगी।
उत्कृष्ट कार्यों के लिए चार शिक्षक होंगे सम्मानित
-प्रो. मीत कमल द्विवेदी, क्राइस्टचर्च कॉलेज
-डॉ. शिखा वर्मा, एएनडी कॉलेज
-डॉ. सुरेंद्र प्रताप सिंह, डीएवी कॉलेज
-डॉ. मानस उपाध्याय, विवि कैम्पस
चार उत्कृष्ट स्टार्टअप होंगे सम्मानित
सर्वश्रेष्ठ सस्टेनेबिलिटी स्टार्टअप पुरस्कार – सनराइज ग्रोव प्रा. लि. (अंकुश सक्सेना)
सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप पुरस्कार – स्लॉगफाई टेक इनोवेशन प्रा. लि. (शिवेंद्र प्रताप सिंह)
सर्वश्रेष्ठ सामाजिक उद्यमी स्टार्टअप पुरस्कार – ग्रो चेन इंडिया प्रा. लि. (अमरेंद्र कुमार सिंह सेंगर)
सर्वश्रेष्ठ महिला नेतृत्व स्टार्टअप पुरस्कार – वन एट कोबो (वत्सला शुक्ला)
इन पुस्तकों का होगा विमोचन
-डॉ. प्रवीन कटियार की पुस्तक हेल्थकेयर सिस्टम्स फ्यूचर प्रिडिक्शंस फॉर ग्लोबल केयर, ऐश्वर्या आर्या की पुस्तक पर्यटन और शहरी विकास, शिवांशु सचान की होटल प्रबंधनः भोजन एवं भोजन सेवाएं, विवि की शोध की प्रगति पुस्तिका, प्रोजेक्ट्स एवं रिसोर्स जनरेशन संबंधी पुस्तिका, एआई इनेशियेटिव संबंधी पुस्तिका, इनोवेशन पेटेंट्स एवं एंटरप्रिन्योरशिप संबंधी कार्यों की पुस्तिका, खेलों में प्रगति संबंधी पुस्तिका, दूरस्थ शिक्षा संबंधी पुस्तिका, आईआरएसी संबंधी पुस्तिका, प्लेसमेंट संबंधी पुस्तिका, सीएसजेएम यूनिवर्सिटी एलुमिनाई एसोसिएशन की स्मारिका।
इन योजनाओं का होगा शिलान्यास
-100 छात्रा और 100 छात्रों के लिए नया छात्रावास, कन्वेंशन सेंटर, मल्टीस्पेशलियटी अस्पताल, इलेक्ट्रानिक्स एवं कम्युनिकेशन भवन, पुनर्वास केंद्र।
इनका होगा शुभारंभ
पत्रकारिता विभाग के नए भवन का लोकार्पण। आर्चरी लॉन, बॉक्सिंग रिंग का उद्घाटन।

