Uttar Pradesh News: चकरपुर मंडी में सफाई व्यवस्था की बदहाली पर उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह (Jitendra Pratap Singh) ने कड़ा रुख अपनाया है।
KANPUR NEWS : नए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने देर रात संभाला कार्यभार
बुधवार को औचक निरीक्षण के दौरान जगह-जगह गंदगी और चोक नालियां मिलने पर उन्होंने उपनिदेशक प्रशासन (विपणन) संजय कुमार सिंह और मंडी समिति कानपुर के सचिव विजिन कुमार बालियान को कड़ी फटकार लगाई। दोनों अधिकारियों को नोटिस जारी कर दस दिन में व्यवस्थाएं सुधारने की मोहलत दी गई है। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। 28 नवंबर को निदेशालय की टीम मंडी की व्यवस्थाओं की दोबारा जांच करेगी।
निरीक्षण के दौरान निदेशक को मंडी परिसर में कई स्थानों पर गंदगी मिली। नालियां चोक मिलीं, जिनकी कई दिनों से सफाई नहीं हुई थी। सफाई व्यवस्था पर हर महीने पर्याप्त धनराशि खर्च होने के बावजूद ऐसी स्थिति मिलने पर उन्होंने अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने नालियों की सफाई, कूड़े का नियमित उठान और पूरे परिसर में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंडी परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने और खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने को कहा।
निदेशक ने मंडी परिसर में पीपीपी मॉडल पर निर्माणाधीन दस सीटों वाले सार्वजनिक शौचालय की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही परिसर में निर्माणाधीन नीलामी चबूतरे का निरीक्षण कर उसे 15 दिन के भीतर पूरा कराने को कहा। उन्होंने मंडी में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने मंडी में कारोबार करने वाले व्यापारियों और आढ़तियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने मंडी में पेयजल की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त वाटर कूलर लगवाने की मांग की। वर्तमान में मंडी परिसर में छह वाटर कूलर क्रियाशील हैं। व्यापारियों ने बताया कि चकरपुर मंडी की बिजली आपूर्ति वर्तमान में ग्रामीण फीडर से जुड़ी है। उन्होंने मंडी को शहरी फीडर से जोड़ने की मांग उठाई। निदेशक ने दोनों मांगों पर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह (Jitendra Pratap Singh) ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में सितंबर-अक्टूबर से ‘स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद चकरपुर मंडी में सफाई व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली है। संबंधित अधिकारियों को कमियां दूर करने के लिए दस दिन का समय दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

