Kanpur Chhath Puja : कानपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला।
गंगा घाटों से लेकर अरमापुर नहर, पनकी नहर और सिद्धनाथ घाट तक हजारों श्रद्धालु छठी मइया की आराधना के लिए उमड़े। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। Chhath ghat
भगोड़े ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता, कहा- अब UK ही मेरा घर
घाटों पर सुबह से ही छठी मइया के जयकारे और पारंपरिक गीत गूंजते रहे। सिर पर फल और पूजा सामग्री की टोकरी लेकर पहुंचीं महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की। कहीं महिलाएं भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं तो कहीं दंडवत परिक्रमा कर घाट पहुंचीं। श्रद्धा के साथ उत्सव का रंग भी दिखा। सिद्धनाथ घाट पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट पर लोगों ने तस्वीरें खिंचवाईं।
अरमापुर नहर घाट पर महापौर प्रमिला पांडे ने भी पहुंचकर छठी मइया की पूजा-अर्चना की। यहां भगवान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा और छठी मइया का श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। श्रद्धालुओं ने संतान प्राप्ति से लेकर परिवार की खुशहाली तक के लिए मन्नतें मांगीं। घाटों पर देर शाम तक आस्था और भक्ति का माहौल बना रहा।

