KANPUR NEWS : कानपुर बोट क्लब नवंबर से नए आकर्षणों और बेहतर सुविधाओं के साथ शुरू किया जाएगा। इसके लिए पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने तथा जलक्रीड़ा गतिविधियों को बढ़ावा देने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। यह फैसला कानपुर बोट क्लब समिति की बैठक में लिया गया।
मानकों की अनदेखी और बिना रजिस्ट्रेशन चल रही कोचिंगों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
मंडलायुक्त कैम्प कार्यालय में मंडलायुक्त के विजयेंद्र पाण्डियन की अध्यक्षता में बैठक हुई। बोट क्लब के सचिव (प्रशासन) एवं ADM सिटी आलोक कुमार गुप्ता ने इसे और अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से परिसर में कवर्ड एरिया सहित अन्य आवश्यक पर्यटन सुविधाओं के विकास का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि बोट क्लब के संचालन के लिए चयनित फर्म से अतिरिक्त विकास योजनाओं के प्रस्ताव प्राप्त किए जाएं। गंगा नदी संरक्षण के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करते हुए पर्यटकों के लिए नए आकर्षण विकसित करने तथा बोट क्लब एवं गंगा तट की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।
KDA उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक ने सुझाव दिया कि बारिश में सुरक्षा की दृष्टि से बोटिंग गतिविधियां प्रतिबंधित रखी जाएं, लेकिन इस अवधि में भी पर्यटकों को गंगा नदी के प्राकृतिक सौंदर्य का सुरक्षित अनुभव कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था विकसित की जाए।
मंडलायुक्त ने केडीए सचिव को समग्र कार्ययोजना तैयार कर टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया। जिससे 10 अक्तूबर तक प्रस्तावित बंदी के बाद नवंबर से कानपुर बोट क्लब का संचालन शुरू किया जा सके।
क्लब के सचिव नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश क्याकिंग एवं कैनोइंग एसोसिएशन से हुई वार्ता के क्रम में नवंबर एवं दिसंबर में राज्य स्तरीय जलक्रीड़ा प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना बनाई जा रही है। इस मौके पर सभी अधिकारी मौजूद रहे।

