KANPUR NEWS : जनगणना-2027 के द्वितीय चरण ‘जनसंख्या गणना’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार से जिले में फील्ड ट्रेनरों (एफटी) का प्रशिक्षण शुरू हुआ।
कलेक्ट्रेट सभागार में DM महेंद्र सिंह तंवर (DM Mahendra Singh Tanwar)ने प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और जनसंख्या गणना से जुड़े हर बिंदु को बारीकी से समझें, क्योंकि फील्ड में उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभानी होगी।
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण में जितनी बेहतर समझ विकसित होगी, फील्ड में जनगणना का काम उतनी ही सटीकता से कराया जा सकेगा। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि किसी भी प्रक्रिया, प्रपत्र या दिशा-निर्देश को लेकर शंका हो तो बिना संकोच मास्टर ट्रेनरों से सवाल करें। प्रशिक्षण के दौरान छोटी-छोटी शंकाओं का समाधान कर लेना फील्ड में आने वाली बड़ी दिक्कतों से बचाएगा।
जनपद में जनसंख्या गणना का काम सुचारु और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने के लिए 186 फील्ड ट्रेनरों को छह मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण दे रहे हैं। प्रशिक्षण के लिए दो केंद्र बनाए गए हैं। कलेक्ट्रेट और कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) में फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
पहले चरण में 7, 8 और 9 अक्टूबर को प्रशिक्षण होगा। इसके बाद 12, 13 और 14 अक्टूबर को दूसरे चरण का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। दोनों चरणों में कलेक्ट्रेट और केडीए में अलग-अलग बैच चलेंगे। प्रत्येक बैच में करीब 40 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डीएम ने प्रशिक्षण को अधिक संवादात्मक बनाने पर जोर दिया। कहा कि फील्ड में लोगों की जिज्ञासाओं और सवालों का जवाब देने के लिए ट्रेनरों को विषय की पूरी जानकारी होनी चाहिए। सभी प्रशिक्षणार्थी प्रत्येक सत्र में सक्रिय सहभागिता करें और जनसंख्या गणना की प्रक्रियाओं को अच्छी तरह समझें।

