KANPUR NEWS : प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शुक्रवार को पनकी के बी-ब्लॉक स्थित दुर्गा पार्क में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा कानपुर उत्तर की 38 सदस्यीय जिला कमेटी घोषित
इस अवसर पर पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों तथा डिजिटल लेनदेन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पथ विक्रेताओं को सम्मानित किया गया।
सांसद रमेश अवस्थी ने जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के शिविर में स्वयं का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया। महोत्सव में गंधर्व संगीत एवं नाट्य सेवा संस्थान के कलाकारों ने सरस्वती वंदना, नुक्कड़ नाटक तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
पथ विक्रेताओं और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी
महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से जुड़े 35 पथ विक्रेताओं एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई। शक्ति रसोई तथा कानपुर क्वेर फाउंडेशन के अनुज पाण्डेय ने भी स्टॉल लगाए। इसके अतिरिक्त नेडा, समाज कल्याण, बेसिक शिक्षा, श्रम, आयुष, मिशन शक्ति, स्वास्थ्य विभाग तथा बैंक ऑफ बड़ौदा सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। क्रेडिट कार्ड से संबंधित उपलब्धि के लिए छह पथ विक्रेताओं तथा डिजिटल लेनदेन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पथ विक्रेताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नगर)/परियोजना अधिकारी डूडा सौरभ सिंह, जोनल अधिकारी जोन-5 अनुपम त्रिपाठी, पार्षद आरती त्रिपाठी, डूडा के लेखाकार संजीव कुमार त्रिपाठी, शहर मिशन प्रबंधक शिवांगी सिंह, सामुदायिक आयोजक दीपेंद्र सिंह, वरुण कुमार, चंद्रा विश्वकर्मा सहित नगर निगम एवं डूडा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

