KANPUR NEWS: विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत जनपद के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जनपद को 50 जोन और 332 सेक्टर में विभाजित कर कुल 382 जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी, केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया
ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी तैयारियों, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर (DM Mahendra Singh Tanwar) ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं संबंधित अपर नगर मजिस्ट्रेटों को वल्नरेबिलिटी मैपिंग के अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान स्थलों का चिह्नीकरण कर प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि…
भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रारूप वीएम-1 के अनुसार वल्नरेबिलिटी मैपिंग की कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारी अपने विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त सेक्टर अधिकारियों को निर्धारित प्रारूप उपलब्ध कराएं। सेक्टर अधिकारियों के माध्यम से संवेदनशील क्षेत्रों का चिह्नीकरण कराते हुए आवश्यक सूचनाएं संकलित की जाएं। इसके साथ ही प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई भी समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाए।
विधानसभा क्षेत्रवार व्यवस्थाओं के अनुसार…
बिल्हौर में 6 जोन और 42 सेक्टर, बिठूर में 5 जोन और 37 सेक्टर, कल्याणपुर में 4 जोन और 32 सेक्टर, गोविंद नगर में 7 जोन और 31 सेक्टर तथा सीसामऊ में 3 जोन और 24 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं।
इसी प्रकार आर्य नगर में 6 जोन और 30 सेक्टर, किदवई नगर में 3 जोन और 30 सेक्टर, कानपुर कैंट में 6 जोन और 34 सेक्टर, महाराजपुर में 5 जोन और 38 सेक्टर तथा घाटमपुर में 5 जोन और 34 सेक्टर निर्धारित किए गए हैं।
1,423 मतदान केंद्रों और 3,770 मतदान स्थलों पर चुनावी व्यवस्था
जनपद के दस विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,423 मतदान केंद्र और 3,770 मतदान स्थल हैं। इनमें सर्वाधिक 480 मतदान स्थल बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में हैं, जबकि सबसे कम 275 मतदान स्थल सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं।
जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने निर्धारित क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ निर्वाचन संबंधी तैयारियों की निगरानी करेंगे। वल्नरेबिलिटी मैपिंग के अंतर्गत संवेदनशील क्षेत्रों के चिह्नीकरण एवं निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में निर्वाचन आयोग के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

