KANPUR NEWS : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मण्डलायुक्त (Divisional Commissioner) के. विजयेन्द्र पांडियन ने मण्डलायुक्त कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया।
राष्ट्रगान के पश्चात पुलिस स्क्वाड ने सलामी दी। समारोह को सम्बोधित करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि किसी भी देश के निर्माण और विकास के लिए भूमि, जनता और शासन व्यवस्था तीनों का मजबूत होना आवश्यक है।
भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी विविधता में एकता है। विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों, समुदायों और जीवन-पद्धतियों के बावजूद हम एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हैं।
इतिहास से हमें सीख मिलती है कि एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। स्वतंत्रता संग्राम के महान नेताओं और सेनानियों ने अपने त्याग एवं बलिदान से देश को एकता के सूत्र में बांधकर मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने अनेक चुनौतियों का सामना किया है। आज भी महंगाई, ऊर्जा, रोजगार और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसी चुनौतियां हमारे सामने हैं। इनका सामना आपसी सहयोग और एकजुटता से ही किया जा सकता है।
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अमर बलिदानियों के संघर्ष और त्याग का स्मरण कराने के साथ अपने दायित्वों के ईमानदारी से निर्वहन की प्रेरणा देता है। प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
समारोह में एक वर्ष के भीतर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अपने बच्चों का समस्त निर्धारित टीकाकरण कराने वाले 10 अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित कर उनके परिवारों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।
नाना राव पार्क में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने किया ध्वजारोहण
80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। फूलबाग स्थित नाना राव पार्क में आयोजित जनपद के मुख्य समारोह में प्रदेश की राज्यमंत्री, महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग प्रतिभा शुक्ला ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।
घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने किया ध्वजारोहण
घाटमपुर तहसील परिसर में एसडीएम अविचल प्रताप सिंह के द्वारा ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान यहां पर मौजूद तहसील कर्मियों को अपना काम निष्पक्ष रूप से करने की शपथ दिलाई। घाटमपुर कोतवाली में इंस्पेक्टर ने ध्वजारोहण किया।
बिल्हौर एसडीएम मनीष कुमार ने किया ध्वजारोहण
बिल्हौर तहसील परिसर में एसडीएम मनीष कुमार ने ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता अनगिनत क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। हमें अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करते हुए देश की एकता, अखंडता और संविधान की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। इस अवसर पर तहसीलदार अभिनव चंद्रा, नायब तहसीलदार सीपी राजपूत, रंजीत यादव, दिव्या भारती, अन्य अधिकारी, कर्मचारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।

