KANPUR NEWS : सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने विकास खंड में कराए गए 10-10 विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करें।
विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारी मौके पर जाकर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी करें।
DM Mahendra Singh Tanwar गुरुवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने विभागवार योजनाओं की प्रगति और लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने के निर्देश दिए।
रक्तदान महादान, एक यूनिट रक्त कई जिंदगियां बचाने में बन सकता है सहायक
ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की समीक्षा में मानव दिवस सृजन, श्रमिकों की उपस्थिति और विकास कार्यों की निगरानी की स्थिति देखी गई। जिलाधिकारी ने मानव दिवस सृजन में अपेक्षित सुधार लाने के साथ कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाने तथा निर्माणाधीन आवासों की प्रगति पर लगातार नजर रखने को कहा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा में स्वयं सहायता समूहों के गठन में तेजी लाने तथा इससे संबंधित लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और पति की मृत्यु के उपरांत निराश्रित महिला पेंशन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने इन्हें प्राथमिकता पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। कन्या सुमंगला योजना के लंबित मामलों में सभी उप जिलाधिकारियों को संबंधित खंड विकास अधिकारियों से समन्वय कर कार्रवाई सुनिश्चित कराने को कहा, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से योजना का लाभ मिल सके।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की समीक्षा में अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सामूहिक विवाह योजना, उचित दर दुकानों तथा पूर्ति विभाग से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
बैठक में CDO अभिनव जे. जैन, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं BDO कल्याणपुर संदीप सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

