KANPUR NEWS: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर (DM Mahendra Singh Tanwar) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (DLCCC) की द्वितीय बैठक आयोजित की गई।
शुद्धता, पूर्णता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश…
बैठक में जनसंख्या गणना की तैयारियों, विभागीय समन्वय एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार तैयारियां पूर्ण करने तथा गणना कार्य की शुद्धता, पूर्णता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अवगत कराया गया कि जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके उपरांत एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 की मध्यरात्रि तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर (DM Mahendra Singh Tanwar) ने जनगणना के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना की जानकारी प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रचार-प्रसार के सभी प्रभावी माध्यमों का उपयोग किया जाए। नगर निगम के बैनरों एवं डिजिटल डिस्प्ले बोर्डों पर जनगणना संबंधी संदेश प्रदर्शित किए जाएं।
सिनेमाघरों और मेट्रो रेल में जनगणना से संबंधित जिंगल्स प्रसारित किए जाएं। विद्यालयों में जागरूकता रैलियां आयोजित की जाएं तथा नवरात्रि के दौरान रामलीला स्थलों पर जनगणना संबंधी फ्लेक्स लगाए जाएं। इसके अतिरिक्त उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठकों में उद्यमियों और व्यापारियों को जनगणना के महत्व एवं स्वगणना की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके सफल संचालन में सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जनगणना संबंधी तैयारियों की समीक्षा करने तथा गणना कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों के प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना कार्य में सूचनाओं की शुद्धता एवं गोपनीयता के साथ आम जनमानस की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जनगणना में लोगों से पूछे जाएंगे 40 सवाल
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में आम जनता से उनकी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति से संबंधित कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें नाम, उम्र, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, मातृभाषा, शैक्षणिक योग्यता, डिजिटल साक्षरता, रोजगार, व्यवसाय, आर्थिक गतिविधियां, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, पलायन के कारण तथा बच्चों से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी। इसके अलावा कोविड-19 टीकाकरण, बैंक खातों की संख्या, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता सहित कुल 40 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जनगणना निदेशालय के प्रतिनिधि सहायक निदेशक दिनेश कुमार यादव एवं सहायक जिला प्रभारी हिमांशु शुक्ला, समस्त चार्ज अधिकारी, उप जिलाधिकारीगण, अपर नगर आयुक्त, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित 34 विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

