मनोरंजन के लिए रेलवे ने की है विशेष व्यवस्था
पटना : रेलवे अब ट्रेनों में लंबी यात्रा के दौरान यात्रियों के मनोरंजन के लिए विशेष व्यवस्था कर रहा है। देश में पहली बार दानापुर रेल मंडल में एंटरटेनमेंट ऑन डिमांड डिवाइस लगाई जा रही। इसमें 12,000 प्रोग्राम और 7,000 नई-पुरानी फिल्में अपलोड रहेंगी। यात्रियों को अपने लैपटॉप या मोबाइल को ट्रेन के वाईफाई सिस्टम से कनेक्ट करना होगा।
पहले चरण में राजधानी समेत आठ जोड़ी ट्रेनों में यह डिवाइस लगाई जा रही है।
दानापुर रेल मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य अधिकारी आधार राज ने बताया कि ऑन डिमांड मूवी या प्रोग्राम देखने के लिए कोई राशि नहीं खर्च करनी पड़ेगी।
सिस्टम की विशेषता
डिवाइस में हिंदी व अंग्रेजी की 7,000 नई-पुरानी और दक्षिण भारत की फिल्में अपलोड होंगी। साथ ही 12,000 प्रोग्राम भी अपलोड रहेंगे। इसमें बच्चों व बुजुर्गों के लिए वीडियो, धार्मिक महत्व की फिल्में, ऐतिहासिक महत्व के वीडियो, सामाजिक जागरूकता लाने वाले वीडियो, युवाओं के लिए नई-पुरानी फिल्में, पुराने व नए गाने, आरती व भजन भी उपलब्ध रहेंगे।

