KANPUR NEWS: स्कूल निरीक्षण के दौरान मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन का अलग अंदाज देखने को मिला। उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर पहुंचे सीडीओ बच्चों के बीच जा बैठे और उनके साथ मिड डे मील ग्रहण किया। KANPUR NEWS
KANPUR NEWS : लू पर जिला प्रशासन की एडवाइजरी
थाली हाथ में लेकर उन्होंने बच्चों से पूछा- “दाल कैसी बनी है, रोज ऐसा ही खाना मिलता है?” अपने बीच अधिकारी को देखकर बच्चे भी खुलकर बातें करने लगे। किसी ने पढ़ाई अच्छी लगने की बात कही तो किसी ने भोजन की तारीफ की। विद्यालय में यह दृश्य देर तक चर्चा का विषय बना रहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय लोधवा खेड़ा, प्राथमिक विद्यालय कटरी शंकरपुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केवल अभिलेख नहीं देखे, बल्कि सीधे कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की पढ़ाई भी परखी। बच्चों से किताब पढ़वाई गई, ब्लैकबोर्ड पर सवाल हल कराए गए और उनकी भाषा व गणितीय क्षमता का परीक्षण किया गया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय शंकरपुर में उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण स्तर की जांच की। बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने के दौरान उन्होंने उनसे विद्यालय के माहौल और सुविधाओं को लेकर भी बातचीत की।
KANPUR NEWS: मई में अब तक का सबसे गर्म दिन, पारा 43.2 °C के पार
निरीक्षण के दौरान छात्र उपस्थिति पंजिका, शिक्षकों की उपस्थिति तथा बच्चों की कापियों का भी अवलोकन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे की प्रगति पर नियमित नजर रखी जाए और कापियों की जांच समय से सुनिश्चित की जाए।
प्राथमिक विद्यालय कटरी शंकरपुर में साफ-सफाई को लेकर उन्होंने विशेष ध्यान दिया। विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं सकारात्मक वातावरण मिलना जरूरी है।
विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, प्रोजेक्टर एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के उपयोग का भी जायजा लिया गया। उन्होंने गतिविधि आधारित शिक्षण और टीएलएम के प्रयोग की सराहना करते हुए शिक्षकों से निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। इस दौरान बीएसए सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

