KANPUR NEWS: शहर में सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है। गर्मी सुबह से ही लोगों को तपा रही है। लू के चलने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया है। सुबह का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम विशेषज्ञ बताते हैं कि दिन में यह तापमान 42 डिग्री के पार जाने की संभावना है। KANPUR NEWS
मई में पारा 41°C पार, पछुआ हवा ने तपिश बढ़ाई, लू का अलर्ट…
एक दिन पहले सोमवार को तापमान 43.2 तक पहुंच गया, जो कि इस महीने में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग ने 20 मई तक लू का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को शहर का तापमान 43.2 और एयरफोर्स स्टेशन का तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया था। दोनों स्टेशनों के तापमान में 1.4 डिग्री का अंतर है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया-
लगातार तापमान बढ़ रहे हैं। आने वाले दिनों में इसी तरह से तापमान बढ़ेंगे। थार मरुस्थल व राजस्थान से आने वाली हवाएं गर्मी को बढ़ा रही हैं। यह लू वाली स्थिति को बढ़ा रही हैं। ऐसे में धूप में निकलने से बचें।
सुबह से बरसी आग
तेज धूप के चलते सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। लोग धूप से बचने के लिए मुंह ढककर, चश्मा लगाकर और छाता लेकर निकल रहे हैं। सुबह 10 से लेकर शाम 4.30 बजे तक आसमान से आग बरसने का एहसास हुआ। लोग सड़क किनारें छांव की तलाश करते नजर आए।
यूपी में दो दिन वर्क फ्रॉम होम का आदेश, एडवाइजरी जारी करने के निर्देश
दिन व रात दोनों में बढ़ा तापमान
बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। सीएसए के वेदर स्टेशन की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू से राहत मिलने के आसार कम हैं। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी जा रही है।

