KANPUR NEWS : लगातार हो रही बारिश के चलते कानपुर में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते पानी और तेज बहाव को देखते हुए गंगा बैराज के सभी 30 गेट खोल दिए गए हैं। बुधवार को बैराज के अपस्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 114.22 मीटर और डाउनस्ट्रीम में 114.07 मीटर दर्ज किया गया।
Nepal News : नेपाल में बाढ़ से अब तक 22 की मौत
गंगा नदी का जलस्तर वार्निंग बिंदु को पार कर गया है। नदी किनारे कुछ गांव में पानी भर गया है। बढ रहे जलस्तर को देखने SDM Sadar अनुभव सिंह और Tehsildar सदर विनय द्विवेदी ने कटरी क्षेत्र के चैनपुरवा, घारमखेड़ा, भोपालपुरवा एवं बनियपुरवा मजरों का स्थलीय निरीक्षण किया।
भोपालपुरवा, भगवादीनपुरवा संपर्क मार्ग पर आंशिक जलभराव है। स्थानीय लोगों के लिए आवागमन के लिए प्रशासन की ओर से ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई है। सभी बाढ चौकियों को अलर्ट मोड किया गया है।
एसडीएम सदर अनुभव सिंह ने बताया कि गंगा नदी के जलस्तर बढने के मद्देनजर कटरी के कुछ गांव गए थे। अभी बाढ जैसी स्थिति नहीं है, जहां पर जलभराव वहां पर सहायता की व्यवस्था की गई है।
गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे और घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं।
शुक्लागंज में भी गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को यहां जलस्तर 112.75 मीटर दर्ज किया गया। यह चेतावनी बिंदु 113 मीटर से महज 25 सेंटीमीटर नीचे है।
शुक्लागंज में गंगा का खतरे का निशान 114 मीटर निर्धारित है। जलस्तर बढ़ने की मौजूदा रफ्तार जारी रही तो नदी जल्द ही चेतावनी बिंदु तक पहुंच सकती है। गंगा के प्रमुख घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। लोगों से नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। गंगा बैराज कंट्रोल रूम के अधिकारियों के मुताबिक, जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। शुक्लागंज में गंगा के चेतावनी बिंदु तक पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन और पुलिस की टीमें घाटों के साथ नदी किनारे के इलाकों में भी निगरानी कर रही हैं। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करने की तैयारी की जा रही है।

