KANPUR NEWS: खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव-2027 : जनपद 50 जोन और 332 सेक्टर में बांटा
प्रदेशव्यापी ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के अंतर्गत सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय संजय प्रताप सिंह के निर्देशन में FSO की सचल टीमों द्वारा ई-कॉमर्स स्टोर एवं वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया गया।
बिग बास्केट पनकी, इंस्टामार्ट किदवई नगर, ब्लिंकिट लाजपत नगर, जेप्टो स्वरूप नगर, जेप्टो नवाबगंज, ब्लिंकिट हरजेंद्र नगर लालबंगला, जेप्टो जाजमऊ, फ्लिपकार्ट जाजमऊ, इंस्टामार्ट काकादेव, अमेजन जूही, ब्लिंक कॉमर्स गांधीनगर तथा आरआर विजन वेंचर जूही कला सहित कुल 12 ई-कॉमर्स खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
संदेह के आधार पर कुट्टू आटा, सिंघाड़ा आटा, साबूदाना, सेंधा नमक, मूंगफली, छुहारा एवं शहद सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 15 नमूने संग्रहित कर विश्लेषण हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।
निरीक्षण में कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन में कमियां पाई गईं। संबंधित प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए, खाद्य एवं अखाद्य पदार्थ एक साथ रखे पाए गए तथा क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। पेस्ट कंट्रोल संबंधी अभिलेखों का अभाव एवं साफ-सफाई में कमियां भी पाई गईं।
कुछ प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। परिसर में टाइल्स टूटी होने, भंडारण रैक में जंग लगे होने तथा स्वच्छता व्यवस्था में कमी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं अन्य निरीक्षित प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
FSO द्वारा मिठाई निर्माण एवं विक्रय से संबंधित प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान संचालकों को मिठाइयों की निर्माण तिथि, उपयोग अवधि तथा निर्माण में प्रयुक्त कुकिंग मीडियम की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए, ताकि उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं उपयोग अवधि के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि संग्रहित नमूनों की प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों के दौरान आमजनमानस को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

