’80s Retro Craze’: सोशल मीडिया पर 80s का रेट्रो ट्रेंड वायरल हो रहा है। इसमें लोग AI की मदद से अपनी तस्वीरों को 80s के अंदाज में बदलकर शेयर कर रहे हैं। कियारा आडवाणी, सिद्धार्थ मल्होत्रा, श्रुति हासन समेत कई सेलेब्स भी इस ट्रेंड का हिस्सा बने हैं।
कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ AI से बनाई तस्वीर शेयर की। इसमें दोनों रेट्रो अवतार में नजर आए। सिद्धार्थ ने डबल-डेनिम लुक के साथ डार्क एविएटर सनग्लासेस पहने।
वहीं कियारा ने 80s के रंगीन फैशन को अपनाया। वह पिंक आउटफिट में नजर आईं, जिसमें पफ स्लीव्स थीं। उन्होंने बड़े हूप ईयररिंग्स और चूड़ियां पहनीं। कियारा ने पोस्ट में सिद्धार्थ की अपकमिंग फिल्म ‘द व्वान’ के रोमांटिक ट्रैक ‘समझो ना’ को भी एड किया।
परिणीति और राघव भी ट्रेंड में शामिल हुए
एक तस्वीर में परिणीति और राघव साथ बैठे नजर आ रहे हैं। परिणीति उनके बालों पर हाथ रखे हुए हैं, जबकि राघव सोफे पर लेटे हुए वॉकमैन से गाना सुन रहे हैं।
अमीषा पटेल भी रेट्रो लुक में नजर आईं। उन्होंने वन-शोल्डर टॉप और डेनिम शॉर्ट्स के साथ नियोन पिंक आउटफिट पहना। उन्होंने लेग वॉर्मर्स और व्हाइट-पिंक स्नीकर्स पहने और एक बड़े बूमबॉक्स पर बैठी नजर आईं।
एक्टर रवि किशन ने भी इस वायरल AI ट्रेंड में हिस्सा लिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर 80s के अंदाज में अपनी AI-जेनरेटेड तस्वीर शेयर की। तस्वीर में उनका लुक 1980s के बॉलीवुड हीरो जैसा नजर आया।
दूसरी ओर, श्रुति हासन 80s से कुछ दशक पीछे 1960s के लुक में नजर आईं। तस्वीर में वह प्रिंटेड टॉप, मैचिंग हेडस्कार्फ और ब्लू जींस पहने दिखीं।
वहीं, डेजी शाह ने भी इस ट्रेंड में हिस्सा लिया। AI से बनाई तस्वीरों में वह 80s की हीरोइन जैसी नजर आईं। उनका हेयरस्टाइल और पूरा लुक पुराने दौर की याद दिलाता है।
एक्टर अभय वर्मा ने भी 1980 के दशक वाला अंदाज अपनाया। उन्होंने लंबे घुंघराले बालों और डेनिम आउटफिट में तस्वीरें शेयर कीं। अभय जल्द ही शाहरुख खान के साथ ‘किंग’ में नजर आएंगे।
ऐसे बना सकते हैं 80s जैसा AI फोटो
80s इंस्पायर्ड AI फोटो बनाने के लिए यूजर्स किसी AI इमेज जनरेशन टूल, जैसे ChatGPT, में अपनी साफ तस्वीर अपलोड कर सकते हैं। इसके बाद व्यक्ति के चेहरे की पहचान बरकरार रखते हुए उसे 80s के माहौल में दिखाने का प्रॉम्प्ट दिया जा सकता है।
फोटो को रेट्रो लुक देने के लिए वॉल्यूमिनस हेयरस्टाइल, रंगीन कपड़े, डेनिम जैकेट, स्टेटमेंट एक्सेसरीज, विंटेज इंटीरियर, बॉलीवुड इंस्पायर्ड बैकग्राउंड, वार्म लाइटिंग, फीके रंग और फिल्म-ग्रेन इफेक्ट जैसी डिटेल्स जोड़ी जा सकती हैं।
यूजर्स हेयरस्टाइल, आउटफिट या बैकग्राउंड में बदलाव करके तस्वीर को अपनी पसंद के मुताबिक भी तैयार कर सकते हैं।

