KANPUR NEWS : जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह (DM Jitendra Pratap Singh) ने गुरुवार को बनियापुरवा गांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जलस्तर एवं राहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि भगवानदीन का पुरवा में करीब 35 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं। बनियापुरवा एवं भोपालपुरवा के आसपास के क्षेत्रों में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पीछे से आने वाले पानी के डिस्चार्ज और उसके ट्रेंड में कमी आई है, जिसका असर शुक्रवार शाम तक दिखाई पड़ने की संभावना है। इससे जलस्तर में कमी आ सकती है। हालांकि मौजूदा स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर तैनात हैं और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति की निरंतर निगरानी की जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित रूप से बाढ़ चौकी में शिफ्ट कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहते हुए जलस्तर में होने वाले बदलाव पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।

