Kanpur News : आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन–2027 की तैयारियों को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 30 अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
कानपुर चकरपुर मंडी के औचक निरीक्षण में निदेशक को सफाई व्यवस्था मिली बदहाल
इनमें 26 सेक्टर अधिकारी और चार जोनल मजिस्ट्रेट शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं DM महेंद्र सिंह तंवर ने निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को दो दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
आगामी विधानसभा निर्वाचन को सकुशल, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 16 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई थी।
बैठक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों, दायित्वों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई थी। इसके बावजूद 26 सेक्टर अधिकारी और चार जोनल मजिस्ट्रेट बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।
निर्वाचन कार्यों में लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्वाचन संबंधी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अनुपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिन के भीतर उपस्थित होकर अपनी अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करें। निर्धारित अवधि में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 के अंतर्गत कार्रवाई भी की जा सकती है, जिसके लिए संबंधित अधिकारी स्वयं उत्तरदायी होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचन कार्यों से जुड़े सभी अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।

