KANPUR (UPTET) EXAM : रावतपुर स्थित श्री रामलला इंटर कॉलेज में गुरुवार को आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटेट-2026) के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन में एक अभ्यर्थी संदिग्ध पाए जाने पर हड़कंप मच गया।
अफसरों की लापरवाही से फिर गिरी रैंक, 75 जिलों में 61वीं रैंक
मामले में केंद्र व्यवस्थापन ने रावतपुर थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
ADM वित्त विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि पकडे गए हरिशचंद्र के खिलाफ थाना रावतपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में केंद्र संख्या 022 पर परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थी हरिश चंद्र (अनुक्रमांक-0511207219) की बायोमैट्रिक जांच के दौरान आधार कार्ड में गंभीर विसंगति सामने आई।
जांच में पाया गया कि अभ्यर्थी के पास मौजूद आधार कार्ड नीलेश कुमार के नाम से आनलाइन बना हुआ था, जबकि परीक्षा आवेदन, शैक्षिक अभिलेख और अन्य पहचान पत्र हरिश चंद्र के नाम से थे।
बायोमैट्रिक टीम ने मामले की जानकारी तत्काल केंद्राध्यक्ष, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को दी। प्रारंभिक जांच में अलग-अलग नामों से जुड़े दस्तावेज मिलने पर अभ्यर्थी से पूछताछ की गई।
इसके बाद केंद्र प्रशासन ने पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत रावतपुर थाने को सौंपते हुए संबंधित अभ्यर्थी के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने के प्रयास के मुकदमा दर्ज कराया गया है।

