PURVANCHAL NEWS : बलिया में कार सवार 4 दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार रात कार 100 की रफ्तार में पेड़ से टकरा गई, फिर 5 बार पलटते हुए 20 मीटर दूर गड्ढे में जा गिरी।
हादसा जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर नगरा थाना क्षेत्र में रात साढ़े 9 बजे हुआ। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। चार युवकों की मौत से गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। Ballia News
सभी कार में ही फंस गए। पुलिस और आसपास के लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। हादसा इतना भीषण था कि एयरबैग खुलने के बाद भी चारों की जान नहीं बच सकी।
चारों दोस्त बाजार से घर वापस जा रहे थे। मृतकों में अभिषेक पटेल (19), कुणाल पासवान (21), गोलू ठाकुर (21) और धनंजय (22) शामिल हैं।
गौवापार गांव के अभिषेक, कुणाल, गोलू और धनंजय शनिवार शाम घूमने नगरा बाजार गए थे। चारों एक ही कार से निकले थे। रात में गांव लौटते समय यह हादसा हो गया।
नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के पास उनकी कार पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार 100 से ज्यादा रही होगी। टक्कर के बाद धमाके जैसी तेज आवाज आई।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सभी को कार से निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल गोलू और धनंजय को प्राथमिक इलाज के बाद मऊ के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

