KANPUR NEWS : झकरकट्टी बस अड्डे (Jhakarkatti bus terminal) पर बसों का दबाव कम करने के लिए अब पश्चिमी जनपदों से लखनऊ और अन्य शहरों की ओर जाने वाली बसों को कानपुर शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा।
मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन की अध्यक्षता में मंगलवार को आयुक्त शिविर कार्यालय में हुई यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक में इन व्यवस्थाओं को लागू करने के निर्देश दिए गए।
आगरा, इटावा और गाजियाबाद की ओर से आने वाली ऐसी बसें, जिनका अंतिम गंतव्य कानपुर से आगे है, भौती, नौबस्ता फ्लाईओवर और रामादेवी मार्ग से सीधे अपने गंतव्य की ओर जाएंगी। वहीं, Diwali पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए फूलबाग, परेड और पंचक्की की मल्टीलेवल पार्किंग (multi-level parking) सात दिनों तक निःशुल्क रहेंगी।
परेड के रामलीला मैदान में भी अस्थायी निःशुल्क पार्किंग की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही पांच नवंबर से सिग्नेचर सिटी बस अड्डे की लखनऊ, हरदोई और रायबरेली रूट की बसें सरैया क्रॉसिंग होकर संचालित होंगी।
मंडलायुक्त ने कहा कि झकरकट्टी बस अड्डे पर बसों के अत्यधिक दबाव और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होता है। इसके समाधान के लिए रोडवेज बसों के संचालन में बदलाव के साथ पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया जाए।
पश्चिमी मार्गों की बसें शहर के भीतर नहीं आएंगी
आगरा, इटावा, गाजियाबाद सहित पश्चिमी जनपदों से आने वाली जिन बसों का अंतिम गंतव्य कानपुर नहीं, बल्कि लखनऊ अथवा अन्य स्थान हैं, उन्हें झकरकट्टी बस अड्डे से होकर नहीं गुजारा जाएगा। ऐसी बसों को भौती से नौबस्ता फ्लाईओवर होते हुए रामादेवी मार्ग से उनके निर्धारित गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। इससे शहर के आंतरिक मार्गों पर अनावश्यक बस आवागमन कम होगा और झकरकट्टी बस अड्डे और टाटमिल चौराहे पर दबाव घटेगा।
इसके साथ ही विकासनगर स्थित सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा। लखनऊ, हरदोई एवं रायबरेली रूट की बसों का संचालन इस बस अड्डे से किया जाएगा। बैठक में बताया गया कि पांच नवंबर को सरैया क्रॉसिंग का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसी दिन से लखनऊ, हरदोई एवं रायबरेली रूट की बसें सरैया क्रॉसिंग होते हुए संचालित होंगी। नई व्यवस्था से झकरकट्टी बस अड्डे पर बसों की संख्या कम होने के साथ जरीब चौकी से घंटाघर मार्ग पर यातायात को राहत मिलेगी।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि झकरकट्टी बस अड्डे पर आने वाली बसों को परिसर के भीतर ही खड़ा किया जाए। सड़क पर किसी भी बस को खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी। डग्गामार वाहनों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए रोडवेज एवं पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी।
दीपावली पर तीन मल्टीलेवल पार्किंग सात दिन निःशुल्क
दीपावली पर्व पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए फूलबाग मल्टीलेवल पार्किंग, परेड चौराहा मल्टीलेवल पार्किंग तथा पंचक्की मल्टीलेवल पार्किंग को सात दिनों के लिए पूर्णतः निःशुल्क करने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त परेड चौराहे के समीप स्थित रामलीला मैदान को अस्थायी निःशुल्क पार्किंग स्थल के रूप में उपयोग किया जाएगा।
मंडलायुक्त ने कहा कि दीपावली पर शहर के साथ ही आसपास के जनपदों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए कानपुर आते हैं। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग बढ़ने से प्रमुख बाजारों के आसपास सड़क किनारे वाहनों का जमाव कम होगा और यातायात सुचारु रहेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निःशुल्क पार्किंग व्यवस्था का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
प्रमुख बाजारों से हटेगा अतिक्रमण
मंडलायुक्त ने बड़ा चौराहा, परेड, विजयनगर, फजलगंज एवं कल्याणपुर सहित प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों के किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है। संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई कर प्रमुख मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराएं।
सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने मेट्रो अधिकारियों को विजयनगर चौराहा से डबल पुलिया मार्ग को शीघ्र मोटरेबल बनाने तथा कंपनी बाग से रावतपुर मार्ग पर चल रहे मरम्मत कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेट्रो अधिकारियों ने अवगत कराया कि गल्ला मंडी से विजयनगर चौराहा मार्ग को शीघ्र आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
नगर निगम द्वारा कराए जा रहे गड्ढामुक्ति एवं सड़क सुदृढ़ीकरण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं। सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की कोर कटिंग तथा एचबीटीयू से गुणवत्ता जांच कराने के बाद ही संबंधित कार्यों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
मंडलायुक्त ने परिवहन विभाग, यातायात पुलिस, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों को सभी निर्णयों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से दीपावली पर्व के दौरान प्रमुख बाजारों एवं व्यस्त मार्गों पर यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देने को कहा।
बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा, पुलिस उपायुक्त यातायात अभयनाथ त्रिपाठी, संभागीय परिवहन अधिकारी राकेंद्र सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज रामलवट चौधरी, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

