BIG NEWS : जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में कठुआ (Kathua) के बसोहली में CISF जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी। फायरिंग में 4 CISF जवानों की मौत हो गई। मरने वालों में एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल हैं।
मरने वालों के नाम असिस्टेंट कमांडेंट अंकित कुमार पांडे, एसआई लक्ष्मण सिंह, कॉन्स्टेबल रफीक अहमद और कॉन्स्टेबल संदीप कुमार हैं।
कठुआ पुलिस ने आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया है। CISF के सीनियर अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
कठुआ के बसोहली सब डिवीजन के हट्ट माश्का में एनएचपीसी संचालित पनबिजली परियोजना में तैनात सीआईएसएफ के एक जवान ने कहासुनी के बाद अपने ही अधिकारियों पर गोलियां दाग दीं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जवान ने एक सहायक कमांडेंट, एक सब इंस्पेक्टर और दो जवानों को गोली चलाकर बुरी तरह से घायल कर दिया। चारों की मौत हो गई है। इस मामले में आरोपी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के कठुआ ज़िले में सीआईएसएफ के चार जवानों की मौत हो गई, जिनमें एक असिस्टेंट कमांडेंट भी शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) के ये जवान हिमाचल प्रदेश की सीमा से सटे बसोहली के मशका गांव में सेवा-तीन पावर प्रोजेक्ट की सुरक्षा कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि किसी बात को लेकर दो जवानों के बीच बहस हुई और बाद में उनमें से एक ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे ये मौतें हुईं। अधिकारियों ने बताया कि सीनियर अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

