Varanasi News : वाराणसी एयरपोर्ट (Varanasi Airport) पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री से गोली चल गई।
गोली लगने से एएआईसीएलएएस के दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।
एयरपोर्ट निदेशक के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। यात्री पत्नी के साथ IX-1810 फ्लाइट से मुंबई जा रहा था। उसने विमान में ले जाने वाले हथियार को पहले ही डिक्लेयर किया था।
हथियार की जांच के दौरान उससे एक राउंड फायर हो गया। स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश राय, पुत्र केदारनाथ राय, अपनी 50 वर्षीय पत्नी सुषमा राय के साथ रविवार सुबह मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान बैग की जांच में पिस्टल मिली।
अधिकारियों के अनुसार, हथियार को विमान में ले जाने के लिए घोषित किया गया था। इसके बाद सुरक्षा जांच के दौरान ट्रैवलिंग बैग में रखी पिस्टल की जांच और कारतूस की काउंटिंग की जा रही थी। इसी दौरान अचानक पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया।
फायरिंग में बिहार के गया जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी सुमन कुमारी, पुत्री नरेश प्रसाद, घायल हो गईं। गोली उनके दोनों पैरों की जांघ में लगी। वहीं बिहार के नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के अंबेर, रोहेड़ी रोड निवासी रोहित राज, पुत्र किशोरी प्रसाद, के बाएं हाथ के अंगूठे में गोली लगी। दोनों एयरपोर्ट पर सुरक्षा सहायक के पद पर कार्यरत हैं।

