Lucknow-Kanpur Expressway News : हाईकोर्ट (High Court) की लखनऊ पीठ ने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे (Lucknow-Kanpur Expressway) के चालू होते ही जगह-जगह गड्ढे बन जाने और निर्माण में कथित भ्रष्टाचार के आरोप को लेकर दाखिल जनहित याचिका पर केंद्र व राज्य सरकार से जवाब तलब किया है।
धंस गई लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सड़क, उन्नाव में दो जगह पर बने गड्ढे
कोर्ट ने भारत सरकार के सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और राज्य सरकार के परिवहन विभाग को याचिका में लगाए गए आरोपों पर बिन्दुवार जवाब देने का आदेश दिया है।
न्यायमूर्ति राजन रॉय और न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की खंडपीठ ने शुक्रवार को यह आदेश स्थानीय अधिवक्ता मोतीलाल यादव की जनहित याचिका पर पारित किया है। याचिका में कहा गया है कि 47 सौ करोड़ की लागत से बने उक्त एक्सप्रेस वे के चालू होने के 26 दिनों के भीतर इसमें 74 अलग-अलग स्थानों पर गड्ढे बन गए या सड़क टूट गई।
याचिका में इस निर्माण में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए, सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के रिटायर्ड जज अथवा CBI जैसी किसी स्वतंत्र एजेंसी से जांच की मांग की गई है। याची ने उक्त एक्सप्रेस वे पर टोल टैक्स की भारी कीमतों का भी मुद्दा उठाया है। मांग की गई है कि टोल टैक्स कम किये जाएं।

