KANPUR NEWS: रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को खोये और दुग्ध उत्पादों को लेकर दो बड़ी कार्रवाइयां कीं। KANPUR NEWS
KANPUR NEWS : गंगा का जलस्तर वार्निंग लेबल पार
घाटमपुर के परास में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में खोया बनता मिला, वहीं गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के आउटर के पास इटावा-कानपुर पैसेंजर से उतारा गया करीब 500 किलो बदबूदार खोया सड़क किनारे गंदी बोरियों में पड़ा मिला। दोनों कार्रवाइयों में कुल 700 किलो खोया और 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क नष्ट कराया गया। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2.47 लाख रुपये है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी कानपुर नगर के निर्देश पर रक्षाबंधन के दृष्टिगत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने घाटमपुर तहसील के परास में छापा मारा। यहां सत्येंद्र सिंह खोये का निर्माण करते मिले। मौके पर स्किम्ड मिल्क पाउडर को घोलकर खोया तैयार किया जा रहा था। निर्माण और भंडारण स्थल पर साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली।
टीम को कई दिन पुराना खोया खुले में रखा मिला। खोये और दूध पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। अस्वच्छ परिस्थितियों को देखते हुए करीब 200 किलो खोया, जिसकी अनुमानित कीमत 64 हजार रुपये थी, तथा 150 लीटर मिक्स्ड मिल्क, कीमत करीब 8,250 रुपये, मौके पर ही नष्ट कराया गया। खोया, मिक्स्ड मिल्क और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश यादव के साथ नरेंद्र शर्मा, कयामुद्दीन एवं किरण यादव शामिल रहे।
इसी दौरान विभाग को सूचना मिली कि इटावा-कानपुर पैसेंजर से बड़ी मात्रा में खोया कानपुर लाया जा रहा है। सूचना पर खाद्य सचल दल गोविंद नगर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचा। स्टेशन के आउटर क्षेत्र में सड़क किनारे बारिश के बीच गंदी बोरियों में बड़ी मात्रा में खोया रखा मिला। खाद्य सचल दल को देखते ही वहां मौजूद दो व्यक्ति खोया छोड़कर भाग निकले।
आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि खोया इटावा-कानपुर पैसेंजर से उतारा गया था और इसे ऑटो में लादकर ले जाने की तैयारी थी। टीम ने काफी देर तक खोये पर दावा करने वाले व्यक्ति का इंतजार किया, लेकिन कोई सामने नहीं आया। बारिश के बीच सड़क किनारे अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे खोये से दुर्गंध आ रही थी और वह प्रथम दृष्टया मानव उपभोग योग्य नहीं पाया गया।
इसके बाद करीब 500 किलो खोया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये थी, गोविंद नगर स्थित कूड़ा निस्तारण स्थल ले जाकर विनष्ट कराया गया। रक्षाबंधन के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

