UTTAR PRADESH BIG NEWS : कानपुर के फीलखाना के पटकापुर (Patkapur) स्थित राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के आग लगने से पांच मंजिला इमारत में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में एक महिला और 15 साल के लड़के की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई लोग झुलस गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपार्टमेंट में कुल 12 परिवार रहते हैं। सुबह करीब 4:30 बजे नीचे के फ्लैट में आग लगी। देखते ही देखते आग पार्किंग और ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
पड़ोसियों ने पटरे लगाकर बगल के मकान से कई लोगों को निकाला। 20-25 लोग फ्लैट की बालकनी से कूद गए। कुछ लोग साड़ी से रस्सा बनाकर नीचे उतरने की कोशिश में गिर गए। एक की रीढ़ की हड्डी टूट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने अपार्टमेंट में फंसे 6 लोगों को सीढ़ी लगाकर बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भेजा गया। करीब 2 घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
उपचार के दौरान राखी साहू (45) और प्रांजल बाथम (15) की मौत हो गई। वैभव गुप्ता और मीता बाथम का इलाज चल रहा है। यह घटना आज सुबह करीब 4:30 बजे गणेश मंदिर वाली सकरी गली में हुई।

