Lucknow-Kanpur Expressway News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार शाम 4 बजे उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे (Lucknow-Kanpur Expressway) का उद्घाटन किया। सीएम योगी (CM YOGI) और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी साथ रहे।
इसके बाद सभी कार से एक्सप्रेस-वे से ही लखनऊ लौटे। यहां सरोजनीनगर में भी एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने करीब 60 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर सहमति दी है।
ईस्ट को वेस्ट से जोड़ दिया गया है। अब नॉर्थ-साउथ को जोड़ने के लिए कुछ नए क्षेत्रों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा- 5 लाख की आबादी वाले हर शहर में एक बाईपास होगा। उस बाईपास के साथ हर जिला मुख्यालय फोरलेन का होगा।
वहीं, एक्सप्रेस-वे से लखनऊ-कानपुर का सफर सिर्फ 40 मिनट में पूरा होगा। अभी सफर में ढाई से तीन घंटे लगते हैं। 4700 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार एक्सप्रेस-वे कल यानी मंगलवार सुबह 8 बजे से आम लोगों के लिए खुल जाएगा।
देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे…
63 किलोमीटर लंबा यह देश का पहला बैरियर-लेस एक्सप्रेस-वे है। इस पर लोगों को करीब तीन गुना ज्यादा टोल चुकाना होगा। कार से लखनऊ से कानपुर जाने पर 275 रुपए टोल देना होगा, जबकि पहले 95 रुपए ही लगते थे।
दोपहिया वाहनों की एंट्री बैन…
एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। वाहन अधिकतम 120 kmph की रफ्तार से दौड़ सकेंगे। टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले लगे ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरे और फास्टैग रीडर बिना गाड़ी रोके अपने आप टोल काट लेंगे। अगर हादसा होता है, तो AI कैमरे NHAI कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजेंगे।

