KANPUR NEWS : औद्योगिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा वसूले जाने वाले टैक्स की 60 प्रतिशत धनराशि संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर खर्च करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके अंतर्गत धूलमुक्त सड़कें, बेहतर जलनिकासी व्यवस्था, हरित क्षेत्र और पार्क विकसित किए जाएंगे।
शुक्रवार को सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आयोजित उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक में इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए गए। बैठक में उद्यमियों और व्यापारियों ने जनपद में जिला प्रशासन द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण एवं पैचवर्क कार्यों की सराहना भी की।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्रों के सुव्यवस्थित विकास के लिए उनकी मैपिंग कराने और मौजूदा बुनियादी सुविधाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम जिन औद्योगिक क्षेत्रों से टैक्स वसूल करता है, वहां प्राप्त कुल टैक्स की 60 प्रतिशत धनराशि संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर खर्च करने के उद्देश्य से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। इसमें सड़कों को धूलमुक्त बनाने, ड्रेनेज व्यवस्था सुदृढ़ करने, ग्रीन एरिया एवं पार्क विकसित करने के साथ अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएं। बेहतर आधारभूत सुविधाओं से उद्यमियों को सहूलियत मिलने के साथ औद्योगिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण विकसित होगा।
बैठक में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने दीपावली से पूर्व पैचवर्क कार्य पूरे कराने तथा निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान उद्यमियों एवं व्यापारियों ने सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
प्रोजेक्ट गिफ्ट से सुधरेगी यातायात व्यवस्था
इसके बाद आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारियों को शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए संचालित प्रोजेक्ट गिफ्ट (Guiding Infrastructure For Traffic) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना के अंतर्गत 40 प्रमुख चौराहों को व्यवस्थित किया जाएगा। इन चौराहों पर आवश्यकता के अनुसार लेफ्ट फ्री व्यवस्था, यू-टर्न, दिशा-सूचक बोर्ड, रोड साइनेज और रोड मार्किंग सहित अन्य यातायात सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इससे वाहन चालकों को चौराहों पर पहुंचने से पहले ही सही दिशा एवं मार्ग की जानकारी मिल सकेगी। साथ ही यातायात का दबाव कम करने और जाम की समस्या से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने व्यापारी संगठनों से यातायात सुधार के प्रयासों में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन अपने सदस्यों को दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर अतिक्रमण नहीं करने के लिए जागरूक करें। सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं होने से आवागमन सुगम होगा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी।
बैठक में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के पदाधिकारियों ने व्यापारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं रखीं। प्रतिनिधिमंडल ने झकरकटी बस अड्डे से कुछ जनपदों के लिए संचालित बसों को विकास नगर बस अड्डे पर स्थानांतरित करने तथा झकरकटी पुल पर बसों की पार्किंग प्रतिबंधित करने की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने 30 एवं 31 मार्च 2023 को कोपरगंज में हुए अग्निकांड से प्रभावित व्यापारियों की समस्याएं भी उठाईं। उन्होंने बताया कि न्यू हमराज बिजनेस सेंटर में प्रतिष्ठान स्थापित करने के बाद भी स्थायी बिजली कनेक्शन एवं मीटर की आवश्यकता बनी हुई है। वर्तमान में अस्थायी बिजली व्यवस्था महंगी पड़ रही है। व्यापारियों ने स्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की।
‘कोरोना महामारी के बाद स्वास्थ्य और वेलनेस के प्रति जागरूकता बढ़ी’
DM ने केस्को सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनका समाधान आपसी समन्वय से कराया जाए।
बैठक में CDO अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग एवं केस्को के संबंधित अधिकारी, उद्यमी उमंग अग्रवाल, विनोद गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता ‘कुक्कू’, जिला महामंत्री राजकुमार भगतानी, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष रतन सिंह सहित विभिन्न व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

